अवैध संबंध को लेकर गोलीबारी में महिला घायल, फांसी के फंदे में लटका मिला युवक

रांची : रांची के हिंदीपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर में रविवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे में लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ने अपने साथ लिव इन में रह रही महिला को गोली मार दी, इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस मामला काे संदेहजनक मान कर जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से पांच गोली का खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है। जिनमें चार खोखा पिस्टल का और एक खोखा देसी कट्टा का है। मौके से पिस्टल बरामद हुई है लेकिन देसी कट्टा गायब है।
मृतक अखलाक के परिजनों ने बताया कि घटनास्थल के बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर महिला शाइस्ता परवीन का पति इरशाद फायरिंग में घायल महिला को लेकर सीधे अस्पताल चला गया। जबकि मृतक को उसी हाल में छोड़कर सभी चले गए। परिजनों का आरोप है कि एक सोची समझी साजिश के तहत पहले युवक की हत्या की गई है। इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप और उलझाने के लिए महिला को सुरक्षित जगह पर गोली मारी गई है। महिला को बांह में और पीठ में गोली लगी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी ज्ञान रंजन सिंह के अलावा, सिटी एसपी, साइबर डीएसपी यशोधरा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। मौके पर पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया और एफएसएल की टीम फिंगर प्रिंट के सैंपल एकत्र किए हैं।
बताया गया कि महिला को मेदांता अस्पताल ले जाया गया है। महिला के स्पाइनल में एक गोली अटकी है। बताया जाता है कि अखलाक और महिला का 15 वर्ष से संबंध थे और दोनों देवर भाभी के रूप में साथ रह रहे थे। अखलाक 5 साल पहले सऊदी से लौटकर आया था। तब से वह इरशाद के घर पर ही रह रहा था। लोगों के मुताबिक इरशाद की पत्नी के साथ अखलाक के प्रेम संबंध थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।