पार्टी में बगावत कर अलग चुनाव लड़ने वाले तीन कांग्रेसी निलम्बित

मधुबनी : मधुबनी जिले के तीन वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को पार्टी से बगावत करने के आरोप में छह बर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। मुख्यालय से अधिसूचना जारी होने पर जिला संगठन ने इस सूचना को सार्वजनिक किया है।
प्रदेश संगठन ने मधुबनी, हरलाखी विधानसभा चुनाव क्षेत्र में महागठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे दो कांग्रेस नेताओं को निष्कासित कर दिया है, जबकि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव में खडा होने व अनुशासनहीनता के कारण एक व्यक्ति को पार्टी से छह वर्षो के लिए निष्कासित किया गया है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रो. शीतलाम्बर झा ने रविवार को इसकी सूचना दी है। हरलाखी क्षेत्र से भाकपा के रामनरेश पांडेय के खिलाफ कांग्रेस के शब्बीर अहमद व मधुबनी क्षेत्र से राजद के समीर महासेठ के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश सचिव अमानुल्लाह खान चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों व्यक्तियों को पार्टी से छह बर्ष के लिए निकाला गया है।
दरभंगा स्नातक क्षेत्र से कांग्रेस के संजय कुमार मिश्रा के विरोध में चुनाव लड़ने पर कांग्रेस के संगठन सचिव प्रो. मुनेश्वर यादव को भी पार्टी ने छह वर्षों के लिए निष्कासित किया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रो. झा ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि पार्टी धर्म का पालन आवश्यक है।