ऋचा के पिता मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लगाएंगे न्याय की गुहार
1 min read
21.07.2019
रांची : जेल और जमानत में कुरान बांटने के फैसले का मामला शांत हुआ कि ऋचा और उसका परिवार अब नई परेशानी से जूझ रहा है। ऋचा के नाम से सैकड़ों फर्जी अकाउंट फेसबुक और ट्विटर पर खुल गए हैं। इससे रोज अनाप-शनाप और विवादित मैसेज किए जा रहे हैं। गुरुवार को ट्विटर पर एक पोस्ट के कारण तनाव तक की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
हालांकि पुलिस की तत्परता से मामला तूल नहीं पकड़ सका। ऋचा के पिता प्रकाश पटेल ने कहा कि उनके वकील रांची से बाहर गए हैं। उनके आने के बाद फर्जी अकाउंट को लेकर साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी जाएगी।
उन्होंने कहा कि फर्जी अकाउंट के खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि सोशल साईट पर आपत्तिजनक टिपण्णी को लेकर पिठोरिया थाना पुलिस ने ऋचा भारती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसको लेकर आक्रोशित विभिन्न संगठनों के लोग उग्र हो गए। इसके बाद कोर्ट से उसे पांच कुरान बांटने के आदेश पर उसे रिहा किया गया।
इसके बाद हर तरफ से कोर्ट द्वारा दिए गए इस फैसले का विरोध होने लगा तब आनन फानन में फैसला वापस लिया गया। वहीं इसके बाद ऋचा की सूरक्षा को लेकर परेशान परिजन महिला आयोग सहित कई जगह न्याय की गुहार लगा चुका है। अब मुख्यमंत्री से गुहार लगाने की तैयारी में परिजन जुट गए हैं।