सीबीआई को लेकर राज्य सरकार का निर्णय नियम संगत : झामुमो
1 min read
दुमका : राज्य सरकार के निर्णय से भाजपा इतना बौखला गई है कि उसे संवैधानिक तथ्य तक का ज्ञान नहीं रह रहा है। भाजपा को यह भली-भांति ज्ञात होनी चाहिए कि भारतीय संविधान ने भारत को एक संघीय राज्य घोषित किया है। संविधान के प्रावधानों के अनुरूप ही राज्यों को स्वायत्तता भी प्रदान की गई है। भारतीय संविधान निर्माताओं ने केंद्र को निरंकुश बनने से रोकने हेतु पर्याप्त उपबंध भी किए हैं। सीबीआई पर लिए गए राज्य सरकार के निर्णय भी इसी की एक बानगी है। उक्त बातें रविवार को झामुमो जिला प्रवक्ता सुनीता सोरेन ने कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा थोड़े तथ्य इकट्ठे कर ले और जानकारी हासिल करें कि आज भी सीबीआई डीएसपीई एक्ट से संचालित होती है, जिसमें भ्रष्टाचार निरोधक कानून 1988 और लोकपाल कानून 2013 के हिसाब से कुछ संशोधन भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार का निर्णय नियम संगत है। सरकार के निर्णय से यह जरूर हुआ है कि केंद्र की भाजपा सरकार अब राज्य को अस्थिर करने का प्रयास नहीं कर सकेगी और ना ही राज्य सरकार के ऊपर अनुचित दबाव बना पाएगी। इसी कुंठा के कारण भाजपा बौखला गई है एवं बौखलाहट में अर्नगल प्रलाप कर रही है।