कांग्रेस का आरोप, भाजपा-लोजपा में है गुप्त सांठगांठ
1 min read
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- नीतीश कुमार को धोखा दे रही भाजपा
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच एक बार फिर कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि भले ही भाजपा-लोजपा के बारे में कह रही है कि उससे कोई लेना-देना नहीं है लेकिन ऐसा नहीं है। भाजपा और लोजपा के बीच भी गठबंधन है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को यहाँ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार को धोखा दे रही है। चुनाव के बाद नीतीश को इसका पता चल जाएगा। नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी बिहार में चुनावी सभाएं कर रहे हैं मगर वह थके-थके से नजर आ रहे हैं। बिहार में विकास के मुद्दों को छोड़कर बाकी सभी मुद्दों पर दोनों बात कर रहे हैं। लेकिन जनता अब उनकी बातों को समझने लगी है।
सुशासन की बात करने वाले लोक प्रशासन की झूठी बात करते हैं। श्रीनेत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं। चुनावी सभाओं में बिहार के लोगों को भरमाकर मुद्दे से भटकाने की कोशिश की जा रही है। बिहार में बेरोजगारी चरम पर है। महागठबंधन ने रोजगार को बिहार में चुनावी मुद्दा बानाया है, इसलिए सत्तापक्ष भी इसकी बात करने लगा है।