मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फरार छह नक्सलियों की गिरफ्तारी पर नए पुरस्कार राशि की घोषणा की

रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी और पीएलएफआई के फरार चल रहे छह सक्रिय नक्सलियों की गिरफ्तारी पर नए पुरस्कार राशि की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 120 नक्सलियों पर पहले से घोषित पुरस्कार राशि का नवीनकरण करने औऱ एक भाकपा माओवादी पर पुरस्कार राशि का उत्क्रमण करने से संबंधी प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी है।
वर्तमान समय में 279 नक्सलियों के खिलाफ पुरस्कार उद्घोषित है। इनमें से 106 नक्सली या तो गिरफ्तार हो चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं अथवा पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। इस तरह फिलहाल 173 नक्सलियों के विरुद्ध पुरस्कार उद्घोषणा प्रभावी है।
प्रस्ताव के अनुसार नक्सलियों के खिलाफ पुरस्कार की घोषणा दो साल तक वैध होगी। दो वर्ष के बाद पुनः नए पुरस्कारों की घोषणा की जा सकती है। वहीं, पांच लाख रुपये तक पुरस्कार उद्घोषित करने का अधिकार पुलिस महानिदेशक को है, जबकि पुलिस अधीक्षक दो लाख रुपये तक पुरस्कार उद्घोषणा कर सकते हैं। इससे ऊपर की पुरस्कार राशि की घोषणा के लिए राज्य सरकार को अधिकार है।