ओरमांझी कांड पर हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपाइयों ने दिया धरना

रामगढ़ : ओरमांझी में महिला की बलात्कार के बाद हत्या का मुद्दा गरमाता जा रहा है। बुधवार को भाजपा नेताओं ने रामगढ़ समाहरणालय के समक्ष हेमंत सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना दिया। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता ने कहा कि हेमंत सरकार के राज में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।
महिलाओं के साथ बलात्कार और हत्या की घटना आम हो चुकी है। पिछले 1 वर्ष में पूरे राज्य में 1765 महिलाओं और युवतियों के साथ बलात्कार की घटना घटी है। ऐसी निरंकुश सरकार अपराधियों पर कार्रवाई
करने के बजाए सीधे तौर पर भाजपाइयों पर आरोप लगा रही है। दो दिन पहले ओरमांझी में एक महिला की हत्या पर आक्रोशित लोगों ने मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला किया, तो उस मुद्दे को भी महागठबंधन की सरकार ने भाजपा से जोड़ दिया। इस मामले में अपराधियों को गिरफ्तार करने के बजाय भाजपा के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।
यह धरना हेमंत सरकार के इस साल की विफलताओं पर आयोजित किया गया है। इस धरना के माध्यम से राज्य सरकार को जगाने की कोशिश की गई है। अगर सरकार अभी भी नहीं जागी और अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया, तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। धरना में पूर्व जिलाध्यक्ष अमरेंद्र गुप्ता, संजय सिंह, राजू चतुर्वेदी, सैयद किरमानी सहित कई लोग शामिल थे।