नई दिल्ली : कांग्रेस ने कहा कि जनता के मुद्दों को दिल्ली तक पहुंचाने के लिए ''भारत जोड़ो यात्रा'' का 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुभारंभ होगा।

यह यात्रा कोई मन की बात नहीं है बल्कि जनता की चिंता है। जनता जो चिंता जता रही है, जनता जो मांग कर रही है, उसको दिल्ली तक पहुंचाना ही भारत जोड़ो यात्रा का मकसद है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता में कहा कि सात सितंबर को कन्याकुमारी से पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ''भारत जोड़ो यात्रा'' की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ 118 भारत यात्री 3,570 कि.मी. की यात्रा पूरी करेंगे।

रमेश ने कहा कि इस लंबे सफर में हम अनुमान कर रहे हैं कि प्रतिदिन 22-23 कि.मी. की यात्रा होगी। इसमें 15 कि.मी. सुबह और करीब 8 कि.मी. शाम को यात्रा तय की जाएगी।

यात्रा को दो चरणों में बांटा गया है। पहला चरण सुबह 7 से लेकर 10:30 बजे तक, जहां हम उम्मीद कर रहे हैं कि जिसमें 3,000 से 4,000 तक लोग शामिल होंगे। दूसरा चरण शाम 3:30 से लेकर 6:30 बजे तक होगा, जहां हम उम्मीद करते हैं कि 25-30 हजार लोग शामिल होंगे।

रमेश ने कहा कि सुबह की पदयात्रा में लोगों से मिलना, सामाजिक संस्थाओं से मिलने का कार्यक्रम होगा। अगले 5 महीने में प्रत्येक राज्य में ''भारत जोड़ो यात्रा'' सहयात्रा के रूप में होगी।

जिन राज्यों से ''भारत जोड़ो यात्रा'' नहीं गुजर रही है, वहां भी ''भारत जोड़ो यात्रा'' सहयात्रा के रूप में होगी, यह 75 कि.मी. से 100 कि.मी. तक होगी।