रांची : रांची के सोनाहातू के राणाडीह में डायन बिसाही के आरोप में तीन महिलाओं की पत्थर से कूच कर हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है। मामले में सोमवार को तीसरी महिला का शव भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

इससे पहले पुलिस ने रविवार को दो महिलाओं के शव बरामद किए थे। मृतकों में राइलू देवी (45), ढोली देवी (60) और आलोमनी देवी के नाम शामिल हैं। पुलिस मामले में गिरफ्तार राइलू देवी के पति अभिमन्यु सिंह मुंडा और गांव के मुचीराम सिंह मुंडा से पूछताछ कर रही है।

बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में टीम जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा।

जानकारी के अनुसार कि एक सितम्बर की रात एकलव्य विद्यालय तमाड़ के छात्र राजकिशोर सिंह मुंडा (18) की सांप के डंसने से मौत हो गयी थी। वह राणाडीह निवासी रामसकल सिंह मुंडा का पुत्र था। घटना के बाद ग्रामीण संपेरा सह ओझा को लेकर आये।

उसने ग्रामीणों को बताया कि गांव में डायन का प्रकोप है, जो गांव का कुछ दिन में सर्वनाश कर देगी। ओझा ने बताया था कि जिस घर में डायन है, उसी घर में एक दिन के अंदर दूसरी घटना हो सकती है।

ओझा के कहे अनुसार, दूसरे दिन दो सितंबर को उसी गांव के अभिमन्यु सिंह मुंडा के पुत्र ललित सिंह मुंडा (19) को सांप ने डंस दिया। उसे इलाज के बाद बचा लिया गया। इस घटना के बाद संपेरे ओझा की बातों पर विश्वास करते हुए ग्रामीणों ने गांव में बैठक रखी।

बैठक में अभिमन्यु सिंह मुंडा की पत्नी राईलू देवी (45) को डायन होने के आरोप में मारपीट करते हुए लाया गया और डायन होने की बात कबूल करने के लिए कहा। इस पर राइलू देवी ने दो महिलाओं ढोली देवी (60) और आलोमनी देवी का नाम ले दिया।

इसके बाद ग्रामीण तीनों को पकड़ कर राणाडीह के समीप पहाड़ पर ले गये और उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव से सभी पुरुष भाग गये। केवल महिलाएं ही गांव में थीं।

सोनाहातू पुलिस को रविवार को मामले की जानकारी मिली थी कि तीन महिला लापता हैं, तीनों महिला की हत्या होने की आशंका है। सूचना पर पुलिस की एक टीम रविवार को राणाडीह गांव पहुंची थी।