रांची : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) झारखंड प्रांत की बैठक शनिवार को हरमू रोड स्थित विहिप प्रांत कार्यालय में हुई। बैठक में विशेष रूप से क्षेत्र संगठन मंत्री (झारखंड-बिहार) आनंद कुमार उपस्थित थे।
मौके पर क्षेत्र संगठन मंत्री ने कहा कि विहिप का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित एवं समरस करना है। उन्होंने कहा कि प्रांत के सभी मंदिरों में साप्ताहिक सत्संग होना आवश्यक है।
सत्संग से जहां एक ओर धर्म के प्रति श्रद्धा बढ़ती है, वहीं समाज भी संगठित दिखाई पड़ता है। उन्होंने कहा 2024 तक झारखंड के सभी 32 हजार गांवों तक समिति गठन करना हमारा लक्ष्य है।
विहिप के प्रांत मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू ने बताया कि 11 सितंबर तक संगठन विस्तार कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें प्रांत के सभी पंचायत समिति का गठन किया जाएगा। साथ ही 10 एवं 11 सितंबर को प्रांत के सभी जिला सत्संग प्रमुखों का अभ्यास वर्ग रांची में आयोजित की जाएगी।
13 सितंबर से 17 सितंबर तक देवघर में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। 17 एवं 18 सितंबर को बजरंग दल अभ्यास वर्ग देवघर में किया जाएगा। 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक दुर्गाष्टमी का कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत सहमंत्री राम नरेश सिंह, प्रांत सहमंत्री रंगनाथ महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।